View Details << Back

हिन्दी दिवस-2024 का भारतीय कौंसलावास, शिकागो में शानदार आयोजन

  हिन्दी दिवस-2024 का भारतीय कौंसलावास, शिकागो में शानदार आयोजन

द्वारा: डॉ. श्वेता सिन्हा (क्रिएटिव डायरेक्टर, अद्भुत मीडिया न्यूज़पेपर एवं चैनल)

शिकागो, 14 सितंबर 2024 - भारत के प्रधान कौंसलावास, शिकागो ने हिंदी समन्वय समिति के सहयोग से 14 सितंबर 2024 को प्रधान कौंसलावास परिसर में हिंदी दिवस का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के विद्वानों, मध्य -पश्चिम अमेरिका के स्थानीय हिंदी संगठनों, भाषा विशेषज्ञों, स्कूली छात्रों, अभिभावकों और हिंदी भाषा को बढ़ावा देने में रुचि रखने वाले भारतीय प्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सार्थक आयोजन में भारतीय मूल के स्कूली बच्चों ने की कई उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुभ शुरुआत कौंसुल संजीव पाल जी के स्वागत उद्बोधन से हुई। फिर कौंसुल प्रमुख श्री सोमनाथ घोष जी ने शुरुआती भाषण में हिन्दी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उन सभी हिंदी संगठनों को धन्यवाद दिया जो शिकागो और पूरे मध्य-पश्चिम अमेरिका में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। कौंसुल प्रमुख ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने के लिए भारतीय प्रवासियों के बच्चों के बीच हिंदी के उपयोग को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर डाला।
समन्वय समिति के संयोजक राकेश मल्होत्रा जी ने हिन्दी दिवस विशेष उद्बोधन के साथ समन्वय समिति द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में दर्शकों को संक्षिप्त जानकारी दी।

कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति जय विश्वनाथ जी द्वारा की गयी 'वंदना' से हुई। फिर "बालोद्यान" संस्था द्वारा दो अभिनय गीत 'मीना की बकरी' और 'हम होंगे कामयाब' की प्रस्तुति की गई। जिसने खूब तालियां बटोरीं। 'रुट्स टू हिन्दी' संस्था की तरफ से एक खूबसूरत गीत 'हम होंगें कामयाब' की प्रस्तुति हुई जो सभी दर्शकों को बहुत पसंद आई। फिर "हरि ओम मंदिर गुरुकुल" की तरफ़ से अंजिका अवस्थी का शानदार भाषण दर्शकों को सुनने को मिला। कार्यक्रम में "मंडी थिएटर" के छात्रों द्वारा लघु नाटक 'हामिद का चिमटा' का लाज़वाब मंचन हुआ।

फिर विदुषी पंड्या के एक खूबसूरत गीत की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अमेरिकन संगीत शिक्षकगण एमली और लिएनी द्वारा प्रस्तुत एक सुन्दर गीत रहा।

"ब्रह्मचर्य हिन्दी वैदिक स्कूल" द्वारा दो 'देशभक्ति गीतों' की कुशल प्रस्तुती हुई। फिर "हिन्दी क्लब ऑफ इलिनॉय" द्वारा 'ले तिरंगा हाथ में' का शानदार प्रदर्शन किया गया।
पुनः "हरि ओम मंदिर" की प्रस्तुति 'हिन्दी का परिचय ' काबिले-तारीफ थी।
"हिन्दी स्कूल ऑफ विस्कांसिन" द्वारा 'कदंब का पेड़', 'कोयल' और 'कबीर/रहीम के दोहे' की गीतात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। "वैदिक हिन्दी स्कूल" द्वारा 'नेताजी सुभाष चन्द्र बोस' पर एक प्रभावशाली भाषण की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम के अंत में "ड्रामाटेक ऑफ अमेरिका" द्वारा 'शांति के सिपाही' नाटक का कुशल मंचन किया गया। इसके बाद कार्यक्रम के संयोजक राकेश मल्होत्रा जी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।सुस्वादु भारतीय व्यंजनों के सहभोज सहित हिन्दी दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस पूरे कार्यक्रम का कवरेज गुरमीत सिंह धलवान जी (अद्भुत मीडिया न्यूज़पेपर एवं चैनल) एवं वंदना झिंगन जी (टीवी एशिया) द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
  ਖਾਸ ਖਬਰਾਂ